हिमाचल: अगले सत्र से प्रदेश में 100 सीबीएसई स्कूल शुरू, अलग रंग की वर्दी और स्मार्ट कक्षाओं की सुविधा
शिमला /09/10/2025
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेश भर में प्रथम चरण में 100 स्कूलों को सीबीएसई पाठ्यक्रम पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी की जाएँ। सीबीएसई पैटर्न वाले स्कूलों में भवन और बच्चों की वर्दी का अलग रंग होगा। साथ ही, इन स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं, मैस की सुविधा और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक 86 स्कूलों की पहचान सीबीएसई मापदंडों के अनुसार की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने शेष स्कूलों में भी जल्द मापदंड पूरा करने के निर्देश दिए।
श्री सुक्खू ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में गुणात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है और इसके लिए आवश्यक धन की कोई कमी नहीं है। शिक्षा विभाग में खाली पड़े अध्यापक पदों को भरने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सरकार के प्रयासों के चलते गुणात्मक शिक्षा में 21वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण की समीक्षा करते हुए कहा कि इन स्कूलों में खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त सुविधा हो। उन्होंने हर जिले में स्टेट ऑफ आर्ट कॉलेज बनाने का प्रयास भी बताया, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, निदेशक उच्च शिक्षा अमरजीत शर्मा और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।