NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कांग्रेस सरकार पर बिक्रम ठाकुर का आरोप: पंचायत चुनाव से पहले ‘राजनीतिक सरेंडर’

धर्मशाला/09/10/2025

thakur vikarm

पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार पंचायत चुनाव से पहले पूरी तरह सरेंडर कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा का बहाना बनाकर अधिकारियों के कंधे पर जिम्मेदारी डालते हुए चुनाव स्थगित करने की साज़िश की जा रही है।

ठाकुर ने बताया कि जिला उपायुक्तों से पंचायत राज विभाग के सचिव को ऐसे पत्र भेजे जा रहे हैं जिनमें कहा गया है कि प्रदेश में आपदा प्रबंधन अधिनियम लागू कर पंचायत चुनाव स्थगित किए जाएं। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला और सरकार की जनता से भागने की मानसिकता बताया।

पूर्व मंत्री ने तंज कसा कि जब मुख्यमंत्री और मंत्रीगण विदेश भ्रमण और सरकारी आयोजनों में जा सकते हैं, तो पंचायत चुनाव कराने में क्या समस्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि कुल्लू दशहरा जैसे बड़े आयोजन पूरे धूमधाम से मनाए जा सकते हैं, लेकिन चुनाव कराने में क्या बाधा है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले दो वर्षों में न तो राहत कार्यों में तेजी दिखाई और न ही प्रभावित परिवारों को उचित मुआवज़ा दिया। अब जनता जवाब मांगने को तैयार है, इसलिए “आपदा” का सहारा लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कुचलने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि भारतीय जनता पार्टी इस तरह की चालबाज़ी को जनता के सामने उजागर करेगी। ठाकुर ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की नींव हैं और इन्हें दबाने का कोई भी प्रयास कांग्रेस सरकार के ताबूत में अंतिम कील साबित होगा।

Scroll to Top