68वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन का शुभारम्भ: कुलदीप पठानियां और ओम बिरला भारतीय प्रतिनिधि के रूप में शामिल
बारबाडोस/09/10/2025
बारबाडोस की राजधानी ब्रिजटाऊन में 68वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन का शुभारम्भ हो गया है। इस सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन की कार्यकारी समिति और बारबाडोस संसद के संयुक्त प्रयास से किया गया है। इसमें 56 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। भारत से प्रतिनिधि के रूप में राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र के अध्यक्ष ओम बिरला और हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां शामिल हुए, साथ ही विभिन्न राज्यों के विधान मण्डलों के पीठासीन और उप-पीठासीन अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सम्मेलन की औपचारिकताएँ बारबाडोस संसद में पूरी की गईं और इसके उपरांत सभी भारतीय प्रतिनिधि सामूहिक चित्र के लिए मुख्य द्वार पर एकत्र हुए। कुलदीप सिंह पठानियां ने बताया कि राष्ट्रमण्डल में शामिल 56 सदस्य देश लोकतंत्र, शांति और विकास जैसे साझा मूल्यों पर आधारित हैं। यह संघ ब्रिटिश साम्राज्य से निकलने वाले देशों का स्वैच्छिक संगठन है, जिसमें उन्नत अर्थव्यवस्थाएँ और छोटे द्वीप राष्ट्र दोनों शामिल हैं। पठानियां कल बारबाडोस संसद में “लोकतन्त्र को समर्थन देने के लिए हमारी संस्थाओं को मतबूत करना” विषय पर अपना पहला सम्बोधन देंगे। सम्मेलन के दौरान वह तीन अलग-अलग विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार और विधान सभा सचिव यश पाल शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। यह सम्मेलन 8 से 13 अक्तूबर तक चलेगा और इसमें शामिल देशों के प्रतिनिधि लोकतंत्र, शांति और विकास के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।इस कार्यक्रम की जानकारी और पुष्टि हिमाचल प्रदेश विधान सभा के संयुक्त निदेशक एवं मुख्य प्रवक्ता हरदयाल भारद्वाज ने दी।