संदीपनी का आरोप: कांग्रेस मीडिया सलाहकार को मुख्य प्रवक्ता बनाना चाहिए
शिमला/09/10/2025
शिमला: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के मीडिया सलाहकार को अपना पद छोड़कर पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बन जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी भाजपा आपदा राहत राशि को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखती है, मीडिया सलाहकार को आपत्ति होती है और यह पार्टी की असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
संदीपनी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस नेता जितना चाहें झूठ बोलें, पर झूठा सच नहीं बन सकता। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को कुल 5323 करोड़ रुपए की राशि भेजी है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्मशाला आए और आपदा प्रभावितों से मुलाकात के बाद हिमाचल के लिए 1500 करोड़ रुपए की अतिरिक्त घोषणा की, जो जनता के लिए बड़ी राहत साबित हुई। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री के पास आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का समय भी नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल में आपदा के जख्मों पर अब 2,687 करोड़ रुपए की लागत से मरहम लगेगा। केंद्र सरकार के सहयोग से विश्व बैंक के नए प्रोजेक्ट के तहत रिकवरी और पुनर्निर्माण का कार्य किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 2,687 करोड़ रुपए है, जिसमें 20 प्रतिशत की हिस्सेदारी राज्य सरकार की भी होगी। संदीपनी ने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस की मीडिया सलाहकार केंद्र सरकार का धन्यवाद नहीं करती, शायद कांग्रेस पार्टी के नेताओं को राहत राशि और हक़ के पैसे में अंतर समझ में नहीं आता।