NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने पुलिस सुधारों की समीक्षा की, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रयासों की सराहना

सोलन/09/10/2025

policeeee

हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने आज राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) का दौरा किया और इस दौरान पुलिस विभाग द्वारा पारदर्शिता, सतर्कता और जनसेवा की दिशा में किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों की सराहना की।

मुख्य सचिव ने पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में विभाग की कार्यप्रणाली, तकनीकी सुधारों और आम जनता से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं, बल्कि अब जनता के जीवन में विश्वास और सुरक्षा सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।

संजय गुप्ता ने कहा कि पुलिस को नई चुनौतियों जैसे साइबर अपराध, नशे का प्रसार, सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन जैसे मुद्दों पर और अधिक सक्रियता दिखानी होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ सख्त नीति अपनाई है, साथ ही सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्य सचिव ने विभाग के अधिकारियों से कहा कि तकनीकी नवाचारों और आधुनिक संसाधनों का उपयोग कर पुलिस कार्यप्रणाली को और पारदर्शी बनाया जाए। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पुलिस विभाग अब शिकायतों के त्वरित निपटारे और प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया को तेज़ी से आगे बढ़ा रहा है, जिससे जनता को शीघ्र न्याय और सेवा मिल सके।

उन्होंने पुलिस विभाग की जन-केंद्रित पहल की सराहना करते हुए कहा कि “राज्य सरकार की प्राथमिकता एक ऐसी पुलिस व्यवस्था विकसित करना है जो तकनीकी रूप से सक्षम, जवाबदेह, ईमानदार और संवेदनशील हो।”

मुख्य सचिव ने भरोसा जताया कि पुलिस विभाग के ये सुधारात्मक कदम भविष्य में हिमाचल प्रदेश को एक आदर्श और पारदर्शी पुलिसिंग मॉडल की दिशा में आगे बढ़ाएंगे।

Scroll to Top