NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हरोली के सिंगा में खुलेगा नया पटवार खाना : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

ऊना/10/10/2025

kul

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली उपमंडल के सिंगा गांव में पटवार खाना खोलने की घोषणा की है। यह घोषणा उन्होंने गुरुवार सायं सिंगा में आयोजित दंगल कुश्ती प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए की। इस प्रतियोगिता में प्रदेश सहित बाहरी राज्यों के नामी पहलवानों ने भाग लिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने दंगल समिति को 51 हजार रुपये की अनुदान राशि देने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष रणजीत राणा सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सिंगा के खेल मैदान के विकास कार्य पर 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके लिए धनराशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष होने वाले दंगल आयोजन तक मैदान पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।

इसके अलावा उन्होंने सिंगा गांव में रेन शेल्टर के निर्माण की भी घोषणा की, जिस पर लगभग 20 लाख रुपये की लागत आएगी। साथ ही, उन्होंने नई पेयजल योजना तथा रामलीला मैदान में डंगा निर्माण की मांगों को भी स्वीकृति प्रदान की। युवाओं की सुविधा के लिए सिंगा में ओपन एयर जिम स्थापित करने की भी घोषणा की गई।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारंपरिक खेलों और कुश्ती की समृद्ध विरासत को सहेजने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल खेल संस्कृति को सशक्त बनाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, जोश और समर्पण की भावना को भी प्रबल करते हैं।

उन्होंने बताया कि संपूर्ण हरोली क्षेत्र में खेल मैदानों और ओपन एयर जिम के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि युवाओं को प्रशिक्षण और स्वस्थ गतिविधियों के लिए प्रेरित किया जा सके।

इस अवसर पर दंगल समिति के अध्यक्ष जगदीश राणा, ग्राम पंचायत सिंगा के प्रधान गुरदेव सिंह, दंगल समिति के उपप्रधान सूबेदार जगजीत सिंह सहित अन्य सदस्यों ने उपमुख्यमंत्री और सभी अतिथियों का स्वागत किया और आयोजन में पधारने के लिए आभार व्यक्त किया।

Scroll to Top