NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

अयोध्या में बड़ा हादसा: घर में फटा सिलेंडर, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

अयोध्या/10/10/2025

fata cylinder

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक घर में गैस सिलेंडर फटने से भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान जमींदोज हो गया और उसके मलबे के टुकड़े दूर-दूर तक फैल गए। इस हादसे में तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने भी मलबे में फंसे लोगों को निकालने में प्रशासन की मदद की।

जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि,

“हमें अयोध्या में एक घर में विस्फोट और छत गिरने की सूचना मिली थी। तलाशी अभियान जारी है। अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह हादसा सिलेंडर या प्रेशर कुकर में हुए विस्फोट के कारण हुआ प्रतीत होता है, लेकिन सटीक कारण फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। अभी तक पटाखों या अन्य विस्फोटक पदार्थों के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।”

अयोध्या जिला अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष पाठक ने बताया कि,

“पांच लोगों को जलने और गंभीर चोटों की अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जिनमें तीन बच्चे और दो वयस्क शामिल हैं। दुर्भाग्यवश, सभी को मृत अवस्था में लाया गया। अभी और लोगों की तलाश मलबे में की जा रही है।”

विस्फोट की धमक इतनी तेज थी कि आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं और कई किलोमीटर दूर तक धमाके की आवाज सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाका दोपहर करीब 12 बजे हुआ, जिसके तुरंत बाद पूरा घर ध्वस्त हो गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया कि योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत-बचाव कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उचित इलाज सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। वहीं, फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच चुके हैं और घटना की गहन जांच जारी है।

team
Scroll to Top