NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

फिरोजाबाद में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का हिस्सा गिरा, कई मजदूर मलबे में दबे

फिरोजाबाद/10/10/2025

up

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के टूंडला रेलवे स्टेशन पर गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिसमें कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने शोर सुनते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेलवे अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। जेसीबी की मदद से मलबे को हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला गया और घायल मजदूरों को अस्पताल भेजा गया।

डीएम रमेश रंजन ने बताया कि हादसे में कुल पांच मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। सभी घायलों का इलाज रेलवे अस्पताल और जिला अस्पताल में चल रहा है। घायलों की पहचान कलुआ पुत्र महबूब खान, जितेंद्र पुत्र महावीर सिंह, विकास पुत्र रामदास (सभी निवासी चितावर, हाथरस), साहिल पुत्र इरसाद और समीर पुत्र मुस्तफा (दोनों सहारनपुर निवासी) के रूप में हुई है।

हादसा उस समय हुआ जब पुल की शटरिंग का काम चल रहा था। माना जा रहा है कि नाले के पास मिट्टी धंसने से ओवरब्रिज का हिस्सा गिर गया। हादसे के बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया। प्रशासन ने ठेकेदार की तलाश शुरू कर दी है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि हादसा रेलवे स्टेशन के पास हुआ है, लेकिन ट्रेनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा है। रेलवे और जिला प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं।

यह ओवरब्रिज लाइनपार के अहाता शोभाराम से लेकर रेलवे के रेस्ट कैंप कॉलोनी तक बनाया जा रहा है। इसके तैयार होने पर करीब 55 गांव सीधे जुड़ जाएंगे और आगरा के फतेहाबाद हिस्से का संपर्क टूंडला से होगा। हादसे के बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पूर्वी गेट का रास्ता फिलहाल बंद कर दिया गया है और रूट डायवर्ट कर दिया गया है।

Scroll to Top