सोलन के वाकनाघाट में बनेगी साईबर सिटी: मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी 650 बीघा भूमि पर प्रोजेक्ट की मंजूरी
शिमला/10/10/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला सोलन के वाकनाघाट में साईबर सिटी स्थापित करने की योजना की घोषणा की। यह साईबर सिटी 650 बीघा भूमि पर विकसित की जाएगी, जिसमें डाटा स्टोरेज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सहित अन्य सूचना प्रौद्योगिकी आधारित उद्योग कार्यशील होंगे।
मुख्यमंत्री ने विभाग को परियोजना से जुड़े विस्तृत ब्लूप्रिंट शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र को प्रमुख क्षेत्र मानते हुए प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहित करने और आईटी अधोसंरचना में निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।
वाकनाघाट में बन रहे उत्कृष्ट केंद्र (Centre of Excellence) की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसमें AI प्रयोगशाला स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिला कांगड़ा के चैतडू और जिला शिमला के मैहली में बन रहे आईटी पार्क का निर्माण दिसंबर 2025 तक पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने शासन में डिजिटल सेवाओं की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि सभी विभागों को अपने कार्यों को डिजिटाइज करना चाहिए ताकि नागरिक हितैषी सेवाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक सेवाओं को एक क्लिक पर लोगों के घर-द्वार पर पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली अपनाने और कार्यालयों में पारदर्शिता व कार्यकुशलता लाने के निर्देश दिए।
सुक्खू ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-फाइल प्रबंधन और नवीन प्रौद्योगिकी में प्रशिक्षण देने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन करने और विभागीय प्रगति की ऑनलाइन निगरानी के लिए नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश भी दिए। सचिवालय के सभी अधिकारियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने का आदेश भी जारी किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, सचिव सूचना प्रौद्योगिकी आशीष सिंहमार, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी डॉ. निपुण जिन्दल, आयुक्त श्रम एवं रोजगार वीरेन्द्र शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।