ईडी ने असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर निशांत सरीन को आय से अधिक संपत्ति मामले में किया गिरफ्तार
शिमला/10/10/2025
हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग के असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर निशांत सरीन को आय से अधिक संपत्ति के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने एफआईआर दर्ज की थी। निशांत सरीन को पूछताछ के लिए बुलाने के बाद गिरफ्तार कर विशेष कोर्ट में पेश किया गया।
जांच में पता चला कि 1 अप्रैल 2002 से 21 अगस्त 2019 तक निशांत सरीन ने अपनी ज्ञात आय के मुकाबले 53.70% अधिक संपत्ति अर्जित की। कुल संपत्ति का मूल्य 2.50 करोड़ रुपये पाया गया, जिसमें से 1.66 करोड़ रुपये आय से अधिक मानी गई।
जांच में सामने आया कि निशांत सरीन ने मार्च 2004 में पंथाघाटी में 3,10,000 रुपये में प्लॉट खरीदकर चार मंजिला इमारत का निर्माण किया, जिसकी कीमत 51,15,005 रुपये आंकी गई। इसके अलावा बिलासपुर के डियारा में पैतृक घर का नवीनीकरण किया गया, जिसकी कीमत 44,22,406 रुपये है।
संपत्ति में होंडा स्कूटर, सेकेंड हैंड वैगनआर कार, 3 लाख रुपये की विदेशी शराब का स्टॉक, बैंक और पोस्ट ऑफिस खातों में 22,19,601 रुपये, और 16,66,090 रुपये का फिक्स्ड डिपॉजिट शामिल थे। घर में छापेमारी के दौरान 7,50,000 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पत्नी के नाम पर हमीरपुर में प्लॉट और चंडीगढ़ सेक्टर 38-डी में फ्लैट की संपत्ति का मूल्य 64,02,000 रुपये, क्रेटा कार 14,49,086 रुपये, और बैंक व पोस्ट ऑफिस में 18,92,634 रुपये पाए गए। इसके अलावा घरेलू सामान की कीमत 2,98,500 रुपये आंकी गई।
जांच में यह भी पता चला कि 2019 के बाद निशांत सरीन ने ओमैक्स चंडीगढ़ समेत कई संपत्तियां खरीदी, जिसे लेकर आगामी जांच में गहनता से छानबीन की जाएगी। इस मामले में विजिलेंस ने शिमला थाने में भी मामला दर्ज किया है।