NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

राजगढ़ में रिश्वतकांड का खुलासा: पटवारी ने मांगी 1 लाख की रिश्वत

पुलिस ने पटवारी और शिकायतकर्ता दोनों पर दर्ज किया केस

राजगढ़/10/10/2025

rishwat

राजगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत सैर जगास में रिश्वतखोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में रिश्वत लेने और देने वाले दोनों पर ही पुलिस ने केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय पुलिस ने भूमि बंटवारे से जुड़े एक मामले में 1 लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में पटवार वृत्त पबियाना के पटवारी अदब सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

इसी के साथ पुलिस ने रिश्वत देने वाले सैर जगास निवासी राजेश कुमार के खिलाफ भी संबंधित अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस जांच के अनुसार, शिकायतकर्ता राजेश कुमार ने बताया कि पटवारी अदब सिंह ने उससे भूमि बंटवारे के मामले में सहयोग देने के नाम पर 1 लाख रुपए की मांग की थी। पटवारी ने कहा था कि यह रकम अधिकारियों को देनी होगी, जिसके लिए उसने एक बैंक खाता नंबर भी मुहैया कराया।

राजेश कुमार ने बताया कि उसने दिए गए खाते में 94,000 रुपए आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किए, जबकि 6,000 रुपए नकद पटवारी को दिए। जांच में यह भी सामने आया कि आरटीजीएस की रकम पटवारी के ससुर के खाते में जमा हुई थी।

पुलिस को यह भी प्रमाण मिला कि रकम ट्रांसफर होने के बाद पटवारी ने शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप पर “थैंक यू” संदेश भेजा, जिससे रिश्वत लेन-देन की पुष्टि हो गई।

डीएसपी राजगढ़ वी.सी. नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शिकायतकर्त्ता के आरोप सही पाए गए हैं। इसके आधार पर पुलिस ने पटवारी अदब सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं रिश्वत देने के अपराध में राजेश कुमार पर भी मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दोनों पक्षों से संबंधित बैंक लेन-देन और मोबाइल चैट रिकॉर्ड को सबूत के रूप में कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top