अमेरिकी बाजार में चीनी शेयरों में भारी दबाव, ट्रंप के नए टैरिफ बयान से निवेशक सतर्क
वॉशिंगटन/11/10/2025
वॉशिंगटन: अमेरिकी बाजार में लिस्टेड चीनी कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों में अनिश्चितता और डर का माहौल बन गया है। यह गिरावट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीन से आने वाले सभी आयातों पर भारी टैरिफ लगाने की चेतावनी के बाद आई।
Alibaba और Baidu के शेयर लगभग 8 फीसदी तक गिर गए, जबकि JD.com 6.6 फीसदी और PDD Holdings 5.2 फीसदी तक कमजोर हुए। इसके अलावा iShares MSCI China ETF (MCHI), जो अमेरिकी बाजार में प्रमुख चीनी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है, लगभग 5.2 फीसदी लुढ़क गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना अमेरिका-चीन व्यापार तनाव और निवेशकों की बढ़ती चिंता को दर्शाती है। ट्रंप ने आरोप लगाया कि चीन ने रेयर अर्थ मेटल्स की आपूर्ति पर वैश्विक निर्भरता बढ़ा दी है और बीजिंग ने हाल ही में नए नियम लागू किए हैं, जिसके तहत किसी भी विदेशी कंपनी को ऐसे उत्पादों का निर्यात करने के लिए लाइसेंस लेना आवश्यक है, जिनमें 0.1 फीसदी या उससे अधिक रेयर अर्थ एलिमेंट्स हों।
Nationwide के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट मार्क हैकेट ने बताया कि इस प्रकार की अनिश्चितता बाजार में अस्थिरता पैदा कर सकती है, हालांकि यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह नई ट्रेड वार की शुरुआत है या केवल सार्वजनिक बयानबाजी का हिस्सा है।
पिछले कुछ महीनों में चीनी शेयरों ने मजबूत रिकवरी दिखाई थी और MCHI ETF साल-दर-साल 32 फीसदी ऊपर था, लेकिन ट्रंप के ताजा बयान ने निवेशकों के भरोसे को झटका दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अमेरिका-चीन तनाव बढ़ता है, तो चीनी टेक सेक्टर और ग्लोबल मार्केट पर इसका लंबा असर पड़ सकता है।