दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा से हैवानियत: छात्रा के साथ पांच युवकों ने किया गैंगरेप
दुर्गापुर/11/10/2025
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक निजी मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ओडिशा की रहने वाली है और दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार देर रात छात्रा अपने एक साथी के साथ कॉलेज परिसर के बाहर टहलने निकली थी, तभी कुछ अज्ञात युवकों ने उसे अगवा कर लिया और पास के जंगल में ले जाकर दरिंदगी की।
घटना उस समय हुई जब छात्रा और उसका साथी मोहन बागान एवेन्यू रोड पर टहल रहे थे। बताया जा रहा है कि अंधेरे का फायदा उठाकर पांचों आरोपियों ने छात्रा को जबरन खींच लिया। घटना से सहमी पीड़िता का साथी मौके से भाग गया, लेकिन बाद में लौटकर उसने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल छात्रा का इलाज उसी निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा से पीड़िता के परिजन शनिवार सुबह दुर्गापुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पीड़िता आरोपियों को नहीं जानती थी और पूरी घटना सुनियोजित लग रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि पीड़िता का साथी उसे देर रात सुनसान इलाके में क्यों ले गया और क्या वह किसी साजिश में शामिल था।
इस वारदात ने दुर्गापुर शहर को झकझोर कर रख दिया है। गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने न्यू टाउनशिप थाने का घेराव कर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की, जबकि माकपा नेताओं ने निजी मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बिल्कुल संवेदनशील नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गापुर जैसे शिक्षण केंद्र में इस तरह की यह पहली बड़ी घटना है। यहां कई निजी मेडिकल, नर्सिंग और इंजीनियरिंग कॉलेज हैं, जहां देशभर से छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। लेकिन यह घटना न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक उदासीनता की भी पोल खोलती है।