रोहड़ू में दो नाबालिग चचेरे भाई लापता, पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर शुरू की तलाश
शिमला/12/10/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के चिड़गांव थाना क्षेत्र से दो नाबालिग चचेरे भाइयों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों किशोर 9 अक्तूबर से घर नहीं लौटे हैं, जिससे परिवार और क्षेत्र के लोगों में गहरी चिंता का माहौल है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव टेलगा (डाकघर खाशाधर) निवासी माशू ने पुलिस थाना चिड़गांव में शिकायत दी है कि उसका बेटा 14 वर्षीय भीम सिंह और चचेरा भाई 15 वर्षीय बलदेव, 9 अक्तूबर की सुबह करीब 9 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुंधा में पढ़ाई के लिए गए थे। लेकिन दोनों स्कूल से घर वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के गांवों में दोनों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने आशंका जताई कि संभवतः किसी ने दोनों किशोरों का अपहरण कर लिया है।
शिकायत मिलने के बाद चिड़गांव थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया है और आसपास के गांवों व मुख्य सड़कों पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
चिड़गांव पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करें। पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही है ताकि जल्द से जल्द दोनों बच्चों का पता लगाया जा सके।