शिमला के रिज मैदान में सोनिया गांधी ने किया वीरभद्र सिंह की मूर्ति का किया भव्य उद्घाटन
शिमला: हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस दिग्गज नेता और छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का सोमवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में भव्य समारोह के बीच अनावरण कर दिया गया। इस ऐतिहासिक अवसर का गवाह बनने के लिए प्रदेशभर से हजारों लोग शिमला पहुंचे। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने रिमोट के माध्यम से प्रतिमा का पर्दा हटाकर इसका औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री और वीरभद्र सिंह के परिवार के सदस्य विक्रमादित्य सिंह भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ प्रियंका गांधी, सचिन पायलट, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, राजीव शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, सभी कैबिनेट मंत्री, पूर्व मंत्री और विधायक मौजूद थे।
इस समारोह का आयोजन सुबह 11 बजे किया गया। यह कार्यक्रम पहले 23 जून को प्रस्तावित था, लेकिन उस समय प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। गौरतलब है कि वीरभद्र सिंह का निधन 8 जुलाई 2021 को हुआ था।
सोनिया गांधी की शिमला यात्रा
रविवार को सोनिया गांधी दिल्ली से हवाई मार्ग द्वारा चंडीगढ़ पहुंचीं और वहां से सड़क मार्ग के जरिये शिमला आईं। शिमला पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और अन्य कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। प्रियंका गांधी, जिनका शिमला के छराबड़ा में घर है, बेटी के साथ सोनिया गांधी के साथ रुकीं।
इस अवसर पर शिमला के रिज मैदान ने वीरभद्र सिंह की याद में एक ऐतिहासिक पल देखा। नौ फीट ऊंची अष्टधातु की मूर्ति को प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने बनाया है। मूर्ति का निर्माण वीरभद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा करवाया गया और इसके लिए आम जनता से डोनेशन भी लिया गया।
यह प्रतिमा न केवल वीरभद्र सिंह की याद को जीवित रखेगी, बल्कि उनकी जनता के प्रति सेवाभाव और राजनीतिक योगदान को भी हमेशा यादगार बनाएगी।