NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला रिज पर लौटी वीरभद्र की विरासत: सोनिया ने किया अनावरण, प्रियंका ने कहा – जनता के नेता और नेहरू के सच्चे शिष्य

शिमला/13/10/2025

soniya

शिमला | हिमाचल प्रदेश की राजनीति में छह बार मुख्यमंत्री रहकर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को आज एक बार फिर याद किया गया। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित दौलत सिंह पार्क में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने किया। इस मौके पर उनके साथ बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। दोनों ने वीरभद्र सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह, कांग्रेस नेता सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा, राजीव शुक्ला और राज्य प्रभारी रजनी पाटिल भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर रिज मैदान में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता ने शिरकत की और अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि “वीरभद्र सिंह को जनता ‘सड़कों वाले मुख्यमंत्री’ के रूप में जानती है। उन्होंने गांव-गांव तक सड़कें बनवाकर विकास का रास्ता खोला। उनके सम्मान में यह प्रतिमा स्थापित की गई है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके कार्यों से प्रेरणा ले सकें।” सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार वीरभद्र सिंह की नीतियों पर चलकर हिमाचल को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने याद किया कि वीरभद्र सिंह ने किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया — “अगर किसी गांव में एक बच्चा भी पढ़ना चाहता था, तो वे वहां स्कूल खोल देते थे।”

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भावुक होकर कहा कि “वीरभद्र सिंह केवल एक नेता नहीं, बल्कि जनता के परिवार का हिस्सा थे। मुख्यमंत्री रहते हुए भी वे हमेशा आम आदमी की तरह जनता के बीच रहते थे।” प्रियंका ने उन्हें “पंडित जवाहरलाल नेहरू का सच्चा शिष्य” बताते हुए कहा कि उन्होंने आदर्शों की राजनीति की और हमेशा जनता की सेवा को प्राथमिकता दी। प्रियंका ने आगे कहा कि आज देश को वीरभद्र सिंह, जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी जैसे नेताओं की आवश्यकता है — जो जनता की आवाज़ को समझें और उसके लिए समर्पित रहें।

प्रियंका ने अपने भाषण में राहुल गांधी का भी ज़िक्र किया और कहा कि “राहुल गांधी आज देश की आवाज़ बन रहे हैं और सच को जनता के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं।” उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार से अपेक्षित मदद नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने बार-बार आर्थिक सहायता की मांग की, परंतु भाजपा केवल सत्ता की राजनीति में व्यस्त है।

कार्यक्रम के अंत में पूरे रिज मैदान में “वीरभद्र सिंह अमर रहें” के नारों से गूंज उठी। लोगों की भारी भीड़ और भावनात्मक माहौल ने साफ कर दिया कि हिमाचल की जनता के दिलों में ‘राजा साहब’ वीरभद्र सिंह आज भी जीवित हैं।

priyanka
Scroll to Top