NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सांस्कृतिक धरोहर की गूंज के साथ संपन्न हुआ सांगला टुकपा वैली महोत्सव

मंत्री नेगी बोले – जनजातीय परंपराओं की आत्मा है ये मेला

किन्नौर/13/10/2025

melaa

किन्नौर | किन्नौर जिले की सांगला घाटी तीन दिनों तक पारंपरिक लोकधुनों, नृत्य, गीतों और जनजातीय संस्कृति के रंगों से सराबोर रही। 10 से 12 अक्टूबर तक आयोजित टुकपा वैली महोत्सव का समापन शनिवार को हर्षोल्लास के साथ हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने की। उन्होंने मेला आयोजन समिति को ₹3 लाख की अनुदान राशि देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में सांगला व आसपास के क्षेत्रों से भारी भीड़ उमड़ी। मंच पर पारंपरिक परिधान में सजे कलाकारों ने जब लोकनृत्य प्रस्तुत किया, तो पूरा मैदान तालियों की गूंज से भर उठा।

मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि टुकपा मेला किन्नौर की जनजातीय सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन न केवल पारंपरिक कला और संस्कृति को संरक्षित रखते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और पर्यटन को भी नई दिशा देते हैं। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, लोककला और पारंपरिक ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं चला रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों से जुड़ी रहें।”

नेगी ने आगे कहा कि टुकपा जैसे मेले स्थानीय युवाओं, महिला मंडलों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलता है।

तीन दिवसीय महोत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य, खेलकूद प्रतियोगिताएं, हस्तशिल्प प्रदर्शनी और स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल मुख्य आकर्षण रहे। महिला मंडलों और विद्यालयों के प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समापन समारोह में मंत्री नेगी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया —
सांस्कृतिक प्रतियोगिता: महिला मंडल पुर्थो नालाह (कामरू) प्रथम, महिला मंडल कामरू द्वितीय
ग्रुप सॉन्ग प्रतियोगिता: महिला मंडल रक्छम विजेता, महिला मंडल कामरू उपविजेता
रस्साकशी (महिला वर्ग): ग्राम पंचायत कामरू प्रथम, बटसेरी उपविजेता
रस्साकशी (पुरुष वर्ग): हिमाचल होमगार्ड्स विजेता, जल शक्ति विभाग उपविजेता
शहनाई प्रतियोगिता: छेरिंग लाल सांगला प्रथम, श्याम गुरु सांगला द्वितीय

समापन समारोह में निदेशक एपीएमसी शिमला-किन्नौर उमेश नेगी, चेयरमैन किनफेड चंद्र गोपाल नेगी, डायरेक्टर कोऑपरेटिव बैंक पीताम्बर दास नेगी, एसडीएम कल्पा एवं मेला कमेटी अध्यक्ष अमित कल्याईक, डायरेक्टर किनफेड सचिन नेगी सहित पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, महिला मंडल, युवक मंडल और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

mela game
Scroll to Top