शिमला में रोडवेज बस हादसा: दुकानदार की दर्दनाक मौत, चालक के खिलाफ FIR दर्ज
शिमला/14/10/2025
शिमला के फागु क्षेत्र में सोमवार रात हरियाणा रोडवेज की बस की चपेट में आने से 41 वर्षीय दुकानदार सरफराज पुत्र बकील अहमद की मौत हो गई। मृतक, जो पेशे से नाई था और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के दाबकी निवासी थे, काम खत्म कर घर लौट रहे थे। घटना उस समय हुई जब वह बस को रोकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वह फिसलकर बस के पिछले टायर के नीचे आ गए। हादसे में उनकी दोनों टांगें गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें तत्काल IGMC अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों ने घायल सरफराज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान बच नहीं सकी। घटना के बाद पुलिस थाना ठियोग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक को जानने वाले मुस्तफा पुत्र मुस्तकीन ने पुलिस को बयान देते हुए बताया कि वह पेशे से वेल्डर हैं और मृतक को अच्छी तरह जानते थे। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है और हादसे की पूरी जानकारी इकट्ठा की जा रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की प्राथमिक जांच से यह स्पष्ट है कि चालक की लापरवाही ने इस जानलेवा हादसे को जन्म दिया।