शिमला में कल से शुरू होगा बिजली बोर्ड कर्मचारियों का राज्य महासम्मेलन, मुख्यमंत्री सुक्खू होंगे मुख्य अतिथि
शिमला/14/10/2025
हि0प्र0 स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड इम्प्लाइज यूनियन के महासचिव हीरा लाल वर्मा ने बताया कि यूनियन का राज्य महासम्मेलन कल से राजधानी शिमला में आरंभ होगा। 15 अक्टूबर को ऐतिहासिक होटल पीटर हॉफ में होने वाले इस महाधिवेशन में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
प्रदेशभर से हजारों यूनियन प्रतिनिधि इस सम्मेलन में भाग लेंगे, वहीं सेवानिवृत्त कर्मचारी भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में बिजली बोर्ड कर्मचारियों की समस्याओं, संगठन की एकजुटता और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
15 अक्टूबर की दोपहर बाद प्रतिनिधि सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें 1300 प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके बाद यूनियन के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके परिणाम 16 अक्टूबर 2025 को घोषित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड इम्प्लाइज यूनियन की स्थापना वर्ष 1971 में हुई थी। तब से यह संगठन लगातार कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्षशील भूमिका निभाता आ रहा है। यूनियन का नेतृत्व सदैव कर्मचारी एकता और जनहित के लिए समर्पित रहा है।