ब्रिटिश संसद ने किया झूठ का पर्दाफाश — जयराम ठाकुर बोले, ब्रिटिश पार्लियामेंट द्वारा झूठे साबित होने वाले पहले सीएम बने सुक्खू
मंडी/14/10/2025
हिमाचल की सियासत में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि “ब्रिटिश पार्लियामेंट द्वारा झूठे सर्टिफाइड होने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री” का तमगा अब सुक्खू को मिल गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू ने हाल ही में इंग्लैंड की निजी यात्रा के दौरान यह दावा किया था कि उन्होंने “हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स” (ब्रिटिश संसद का उच्च सदन) को संबोधित किया और वह ऐसा करने वाले भारत के पहले मुख्यमंत्री हैं। लेकिन इस दावे की सच्चाई तब खुली जब हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स के आधिकारिक सूचना केंद्र से पूछताछ की गई।
जयराम ठाकुर के अनुसार, हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स के प्रेस ऑफिस (lordspressoffice@parliament.uk
) ने साफ़ तौर पर जवाब दिया कि “24 सितंबर 2025 को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा किसी भी प्रकार का संबोधन नहीं हुआ है।” इतना ही नहीं, जांच में यह भी सामने आया कि 19 सितंबर के बाद हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स की कोई कार्यवाही ही नहीं हुई थी।
उन्होंने कहा — “यह अपने आप में बेहद शर्मनाक और झूठ का चरम उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने अपनी निजी लंदन यात्रा को ‘ऐतिहासिक उपलब्धि’ बताने के लिए सरकारी संसाधनों का उपयोग किया। प्रदेश सरकार की सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPR) ने प्रेस रिलीज़ संख्या 1102/2025 के तहत आधिकारिक तौर पर यह झूठा बयान जारी किया कि सुक्खू ने ब्रिटिश संसद को संबोधित किया।”
जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने न केवल इस फर्जी दावे को सोशल मीडिया और प्रेस विज्ञप्तियों के ज़रिए फैलाया, बल्कि प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख अखबारों में इसे छपवाया भी। “हमारे छोटे से राज्य के लिए यह सम्मान की बात होती अगर यह सच होता, लेकिन जब हमने जांच की तो झूठ की परतें खुलती चली गईं,” उन्होंने जोड़ा।
उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री को अपनी इस हरकत के लिए प्रदेश की जनता और मीडिया से माफ़ी मांगनी चाहिए। झूठ के सहारे शासन चलाना और सरकारी मशीनरी को झूठ के प्रचार में झोंक देना बेहद निंदनीय है।”
जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि “प्रियंका गांधी पर बयान देकर सुक्खू खुद को ईमानदार दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनकी सरकार देश की उन चुनिंदा सरकारों में है जो अपने प्रचार के साथ-साथ विपक्ष के दुष्प्रचार पर भी करोड़ों रुपये फूंक रही है।”
जंजैहली में आत्मनिर्भर भारत अभियान पर बोले जयराम ठाकुर — “स्वदेशी ही असली ताकत”
मंडी में प्रेस वार्ता के बाद जयराम ठाकुर ने जंजैहली में आयोजित आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़े कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के सपने को साकार करने के लिए आत्मनिर्भरता ही सबसे बड़ा मंत्र है।
उन्होंने कहा, “आत्मनिर्भरता के बिना आज़ादी अधूरी है। हमें शिप से लेकर चिप, वायुयान से लेकर गगनयान और चंद्रयान तक हर क्षेत्र में अपनी तकनीक और उत्पादों पर निर्भर रहना होगा। देश आज ‘मेड इन इंडिया, मेड फॉर वर्ल्ड’ के विज़न के साथ आगे बढ़ रहा है।”
जयराम ठाकुर ने युवाओं से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश के आर्थिक सशक्तिकरण में भागीदार बनें और भारत को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें।