NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हमीरपुर में कक्कड़ का अवैध शिकार — गोली मारकर हत्या, दो आरोपी पुलिस के शिकंजे में

हमीरपुर/15/10/2025

kakkad

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से वन्यजीव संरक्षण कानून की धज्जियां उड़ाने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सुजानपुर उपमंडल की रंगड़ पंचायत में हिरण की प्रजाति कक्कड़ को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने रविवार को जंगल के पास गोली चलने की आवाज सुनी थी। जब उन्होंने मौके पर जाकर देखा, तो एक परिवार के आंगन में मृत कक्कड़ पड़ा मिला।


सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कक्कड़ के शरीर पर गहरे घाव और चोटों के निम्यान पाए गए, जिससे यह साफ संकेत मिला कि उसकी मौत गोली लगने से हुई है। वन विभाग ने इस घटना को गंभीर मानते हुए तुरंत पुलिस को शिकायत दी।

हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि, 'वन विभाग की ओर से दो लोगों के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई गई है। आरोप है उन्होंने लाइ‌सेंसी बंदूक का इस्तेमाल करते हुए कक्कड़ को गोली मारी। मृत जानवर का पोस्टमार्टम करवाया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।"

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में अवैध शिकार की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। वन विभाग ने संकेत दिए हैं कि यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि होती है, तो दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम (Wildlife Protection Act) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। ↓

यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि पहाड़ी इलाकों में

वन्यजीव आज भी शिकारियों के निशाने पर हैं। स्थानीय लोग अब वन विभाग से इस तरह की घटनाओं पर सख्त निगरानी की मांग कर रहे हैं।

Scroll to Top