ऑपरेशन सिंदूर में भारत का पलटवार — 11 पाकिस्तानी एयरबेस तबाह, 100 से ज्यादा सैनिक ढेर
नई दिल्ली/15/10/2025
नई दिल्ली: भारतीय सेना ने ऑपरेशन ‘सिंदूर’ में पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए उसकी सैन्य ताकत को भारी नुकसान पहुंचाया है। सेना के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने मंगलवार को जानकारी दी कि इस अभियान में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 11 हवाई ठिकानों को नष्ट कर दिया, जिनमें तीन हैंगर, चार रडार और कई लड़ाकू विमान शामिल हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल घई ने बताया कि पाकिस्तानी वायुसेना के 12 लड़ाकू जेट और एक सी-130 श्रेणी का विमान भारतीय हमलों में ध्वस्त हुआ। साथ ही, एक एयरबोर्न अर्ली वार्निंग (AEW) विमान भी मार गिराया गया। ऑपरेशन के दौरान एलओसी पर 100 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई पूरी तरह नाकाम रही और भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने दुश्मन के सभी ड्रोन और मिसाइलों को नष्ट कर दिया।
डीजीएमओ के अनुसार, पाकिस्तान ने भारतीय सीमा पर ड्रोन हमले की कोशिश की थी, जिसके बाद भारत ने 8 और 9 मई की रात को जवाबी कार्रवाई की। इसके अगले दिन भारतीय वायुसेना ने सटीक बमबारी करते हुए पाकिस्तान के 11 एयरबेस को तबाह कर दिया।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में भारतीय नौसेना भी अरब सागर में सक्रिय रही, और यदि पाकिस्तान ने आगे बढ़ने की कोशिश की होती तो उसे समुद्र और आकाश दोनों से विनाशकारी जवाब मिलता।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू हुए इस ऑपरेशन ने पाकिस्तान के आतंकी ढांचों और हवाई ठिकानों को चकनाचूर कर दिया। अंततः पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारतीय समकक्ष से संपर्क कर युद्धविराम की मांग की, जिसके बाद दोनों देशों ने अभियान समाप्त करने पर सहमति जताई।