NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

राजीव गांधी कॉलेज कोटशेरा में इंटर-कॉलेज बैडमिंटन चैम्पियनशिप का भव्य शुभारंभ —विधायक हरीश जनारथा ने किया उद्घाटन

कहा–खेल जीवन का सकारात्मक संस्कार हैं

शिमला/15/10/2025

UNIVERISTY

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालय बैडमिंटन चैम्पियनशिप का शुभारंभ बुधवार को शिमला के चौड़ा मैदान स्थित राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय (कोटशेरा) में हुआ। तीन दिवसीय इस खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा ने किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 44 महाविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं, जिससे पूरे परिसर में खेल भावना और उत्साह का माहौल बन गया है।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से महाविद्यालय छात्रों को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने कॉलेज में हाल ही में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी, जिनमें फ्लडलाइट्स से सुसज्जित बास्केटबॉल कोर्ट, नया बैडमिंटन कोर्ट, रिटेनिंग वॉल निर्माण और आगामी क्रिकेट पिच निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने इस प्रगति के लिए विधायक हरीश जनारथा और पी.टी.ए. (पैरेंट-टीचर एसोसिएशन) का विशेष आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि हरीश जनारथा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास का भी साधन हैं। उन्होंने कहा कि “जीत या हार से अधिक महत्वपूर्ण है भाग लेना, क्योंकि खेल आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं।” जनारथा ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है और युवाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कार्य कर रही है।

विधायक ने यह भी बताया कि छात्रावास निर्माण के लिए नए स्थल की तलाश जारी है, क्योंकि पुराना स्थल भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) द्वारा कमजोर घोषित किया गया था। उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थियों की सार्वजनिक परिवहन संबंधी मांगों पर भी सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उद्घाटन समारोह में पार्षद उर्मिला कश्यप (अन्नाडेल), पार्षद अंकुश वर्मा (इंजीनघर वार्ड), डॉ. राजकुमार (प्राचार्य, राजकीय महिला महाविद्यालय कोटला खुर्द), पीटीए अध्यक्ष कमल लोहिया, उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, और सदस्य श्रीमती नवनीत कौर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी सन्नी पापटा, मुनीत लखनपाल, राजेश शर्मा, सुमित धौलटा, हेमंत नेगी और उदित भी मौजूद रहे।

आयोजन सचिव डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि पहले दिन के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। मुख्य परिणाम इस प्रकार रहे —

राजकीय महाविद्यालय सीमा ने राजकीय महाविद्यालय कुपवी को 3-0 से पराजित किया। रीजनल सेंटर धर्मशाला ने यूआईआईटी, एचपीयू को 3-1 से हराया। बीबीएन चकलमोह ने राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह को 3-0 से मात दी। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर ने संस्कृत महाविद्यालय सोलन को 3-1 से हराया। राजकीय महाविद्यालय पालमपुर और सरस्वती नगर के बीच हुआ मुकाबला 3-2 से पालमपुर के नाम रहा।

आगामी मुकाबलों में बड़सर बनाम सुजानपुर और डीएवी बनीखेत बनाम घुमारवीं के मैच खेले जाएंगे।

उद्घाटन समारोह में डॉ. पी.डी. कौशल (डीन स्टूडेंट वेलफेयर), डॉ. राकेश शर्मा (अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ संयोजक), कॉलेज के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी, प्रदेशभर से आए खिलाड़ी, दल प्रभारी और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।एनसीसी, एनएसएस और रेंजर-रोवर इकाइयों के छात्रों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। पूरे उद्घाटन समारोह में जोश, उत्साह और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Scroll to Top