NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

CM सुक्खू का बड़ा फैसला: 35 हजार कर्मचारियों और ठेकेदारों को दिवाली से पहले मिलेगा वेतन

cm sukhu
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिवाली से पहले प्रदेश के हजारों ठेकेदारों और आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। सीएम सुक्खू ने आदेश दिए हैं कि सभी आउटसोर्स और विभिन्न प्रोजेक्ट्स में कार्यरत कर्मचारियों को दिवाली से पहले मानदेय का भुगतान किया जाए। साथ ही, लंबे समय से रुकी ठेकेदारों की पेमेंट में से 10 लाख रुपये तक की राशि भी जल्द जारी करने के निर्देश वित्त सचिव को दिए गए हैं।

ठेकेदारों की 800 करोड़ की पेमेंट पेंडिंग

प्रदेश में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड से जुड़े ठेकेदारों की करीब 800 करोड़ रुपये की पेमेंट लम्बे समय से पेंडिंग है। सरकार आर्थिक संकट से जूझ रही है और इस कारण भुगतान में देरी हो रही थी। इसका असर कामकाज पर पड़ा और कई ठेकेदारों ने नए प्रोजेक्ट लेना बंद कर दिया था। साथ ही, वे अपने मज़दूरों और कर्मचारियों को भी समय पर वेतन नहीं दे पा रहे थे।

लगातार कर रहे थे अपील

बीते कई दिनों से ठेकेदार मुख्यमंत्री सुक्खू और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह से भुगतान की मांग कर रहे थे। अब जाकर दिवाली को ध्यान में रखते हुए सीएम ने कुछ भुगतान जारी करने के निर्देश दिए हैं।


35 हजार आउटसोर्स कर्मचारियों को भी राहत

प्रदेश में लगभग 35 हजार आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं, जिन्हें बहुत कम मानदेय मिल रहा है। आमतौर पर इन कर्मचारियों को महीने की 1 से 10 तारीख के बीच वेतन मिलता है। इस बार दिवाली 20 अक्टूबर
को है, ऐसे में महीने के अंत से पहले मानदेय मिलने से इन कर्मचारियों की दिवाली अच्छी हो सकेगी।

सीएम का संवेदनशील फैसला

सीएम सुक्खू का यह फैसला दिवाली से पहले आर्थिक रूप से जूझ रहे कर्मचारियों और ठेकेदारों के लिए एक बड़ी राहत है। इससे न सिर्फ उनके घर की रौनक लौटेगी, बल्कि बाजारों में भी रौनक आने की उम्मीद है।
Scroll to Top