पाकिस्तान का विवादित बयान: भारत और अफगानिस्तान दोनों के साथ युद्ध के लिए तैयार :ख्वाजा मुहम्मद आसिफ
नई दिल्ली/17/10/2025
नई दिल्ली: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने एक अटपटी टिप्पणी कर विवाद बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी, तो पाकिस्तान एक ही समय में अफगानिस्तान और भारत दोनों के साथ युद्ध लड़ने के लिए तैयार है। यह बयान अफगानिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव और पिछले सैन्य घटनाक्रम के बीच आया है।
आसिफ ने पाकिस्तान के टीवी चैनल को इंटरव्यू देते हुए बताया कि अफगानिस्तान सीमा पर हालात गंभीर हैं, लेकिन उनके पास भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ रणनीति तैयार है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सीमा पर वर्तमान स्थिति स्थिर नहीं है, और दोनों फ्रंट पर युद्ध की स्थिति में पाकिस्तान की तैयारी पूरी है।
इस बीच, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की कार्रवाई को अपनी संप्रभुता में हस्तक्षेप बताया है। भारत ने भी अफगानिस्तान के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि पाकिस्तान लगातार पड़ोसी देशों में आतंकवादियों को भेजता रहा है और बाद में दोष दूसरों पर डालता है।
हाल ही में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमिर खान मुत्तकी भारत दौरे पर थे, उसी समय पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हमले किए। भारत के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि वह अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। काबुल में भारतीय टेक्निकल मिशन जल्द ही पूर्ण रूप से दूतावास में परिवर्तित होगा।
दोनों देशों के बीच फिलहाल दो दिनों का युद्ध विराम लागू है, लेकिन पाकिस्तान का बयान तनाव बढ़ाने वाला और विवादास्पद माना जा रहा है।