NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

असम में सेना कैंप पर आतंकी हमला: गोलियों की गूंज से दहला काकोपाथर, तीन जवान घायल

तिनसुकिया/17/10/2025

sena campo

असम के तिनसुकिया जिले के काकोपाथर इलाके में देर रात आतंकियों ने भारतीय सेना के 19 ग्रेनेडियर कैंप पर हमला कर सनसनी फैला दी। आधी रात करीब 12:30 बजे अज्ञात आतंकियों ने चलती गाड़ी से सेना कैंप पर अंधाधुंध फायरिंग की। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सेना की ओर से तुरंत जवाबी कार्रवाई की गई, जिससे आतंकी भागने पर मजबूर हो गए। गोलीबारी के दौरान तीन जवानों को मामूली चोटें आई हैं, हालांकि किसी की जान को खतरा नहीं हुआ।

सेना के प्रवक्ता ने बताया कि हमले के दौरान जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ जवाब दिया ताकि आसपास के नागरिकों और घरों को कोई नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि आतंकियों ने स्वचालित हथियारों से फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई के बाद फरार हो गए। घटना के बाद सेना और पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आधी रात अचानक धमाकों और गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। “लगभग आधे घंटे तक चार बम धमाके और 400 से ज्यादा गोलियां चलीं, हमें समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है,” एक निवासी ने बताया। बाद में पता चला कि आतंकियों ने सेना के कैंप को निशाना बनाया था।

यह हमला उल्फा (आई) संगठन द्वारा किया गया था। आतंकियों ने जिस ट्रक से हमला किया था, उसे पुलिस ने अरुणाचल प्रदेश के टेंगपानी इलाके से बरामद कर लिया है। ट्रक का नंबर एएस 25 ईसी 2359 बताया गया है।

उधर, अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भी एनएससीएन-केवाई(ए) आतंकियों ने असम राइफल्स के कैंप पर हमला किया। इस हमले में दो जवान — हरिचरण और राहुल बोरा — गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से जोरहाट भेजा गया। असम राइफल्स की जवाबी कार्रवाई के बाद हमलावर घने जंगलों के रास्ते म्यांमार भाग निकले।

लगातार हो रहे इन हमलों से सीमा इलाकों में तनाव बढ़ गया है और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।

Scroll to Top