बेंगलुरु इंजीनियरिंग कॉलेज में शर्मनाक वारदात: सहपाठी ने छात्रा को टॉयलेट में घसीटकर किया रेप,बोला—‘पिल्स चाहिए क्या?’
कर्नाटक/17/10/2025
बेंगलुरु में एक प्रतिष्ठित प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज उस वक्त सनसनी का केंद्र बन गया, जब कॉलेज परिसर के भीतर एक छात्रा से रेप की घटना सामने आई। पुलिस ने इस मामले में उसी कॉलेज के एक छात्र, 21 वर्षीय जीवन गौड़ा को गिरफ्तार किया है।
यह वारदात 10 अक्टूबर की दोपहर लगभग 1:30 से 1:50 बजे के बीच कॉलेज की सातवीं मंजिल पर हुई। पीड़ित छात्रा, जो सातवें सेमेस्टर में पढ़ती है, ने बताया कि आरोपी सहपाठी ने पहले उसे मिलने के लिए बुलाया था। जब वह पहुंची तो उसने जबरन उसे चूमने की कोशिश की। छात्रा वहां से भाग निकली, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए छठी मंजिल तक गया और उसे पुरुषों के टॉयलेट में खींचकर ले गया। वहां दरवाज़ा अंदर से बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक, इस दौरान उसका मोबाइल फोन बजा तो आरोपी ने फोन छीन लिया ताकि वह किसी से मदद न मांग सके। वारदात के बाद आरोपी ने उसे कॉल कर पूछा, “क्या तुम्हें पिल्स चाहिए?” — यह सवाल सुनकर छात्रा सदमे में चली गई।
शुरुआत में वह डर और शर्म के कारण शिकायत दर्ज कराने में हिचक रही थी, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाई और 15 अक्टूबर को FIR दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त जिस सातवीं मंजिल पर यह वारदात हुई, वहां CCTV कैमरे नहीं थे, जिससे सबूत जुटाने में कठिनाई हो रही है। हालांकि, फोरेंसिक और डिजिटल एविडेंस के आधार पर जांच तेज़ी से आगे बढ़ रही है।
इस बीच, पुलिस ने कॉलेज परिसर में जाकर क्राइम सीन को दोबारा रीक्रिएट किया ताकि घटनाक्रम को सही ढंग से समझा जा सके। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
यह भी सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे। पीड़िता के मुताबिक, वह पहले आरोपी से कुछ सामान लेने गई थी, जिसके बाद यह वारदात हुई। घटना ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।