NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

DU कॉलेज में छात्रा द्वारा शिक्षक पर हमला, विश्वविद्यालय में हड़कंप; जांच समिति गठित

नई दिल्ली/17/10/2025

du

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के भीमराव अंबेडकर कॉलेज में बुधवार को एक चौकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें डूसू की संयुक्त सचिव दीपिका झा ने कॉलेज के एक शिक्षक पर थप्पड़ मारने और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया।

घटना के तुरंत बाद DU प्रशासन ने छह सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। समिति की अध्यक्षता प्रो. नीता सहगल करेंगी, जबकि ज्वाइंट प्रॉक्टर प्रो. ज्योति त्रेहन शर्मा सदस्य सचिव होंगी। इसके अलावा, हंसराज कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. रमा, प्रो. स्वाति दिवाकर, पीजीडीएवी कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. दरविंदर कुमार और ज्वाइंट प्रॉक्टर प्रो. अवधेश कुमार भी सदस्य हैं। कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने समिति को दो सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।

शिक्षक संघ ने इस घटना की कड़ी निंदा की। DUTA अध्यक्ष प्रो. वीएस नेगी ने कहा कि यह गुरु-शिष्य परंपरा पर हमला है और विश्वविद्यालय में बार-बार शिक्षकों और छात्रों के बीच टकराव की घटनाएं हो रही हैं। डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (DTF) और अन्य शिक्षक नेताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

छात्र संगठनों ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी। NSUI अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा कि यह सिर्फ एक प्रोफेसर पर हमला नहीं, बल्कि पूरे शिक्षण समुदाय की गरिमा पर हमला है। वहीं, SFI ने इस घटना को विश्वविद्यालय की छवि के लिए गंभीर खतरा बताया।

दीपिका झा ने कहा कि उन्हें आवेश में आकर हाथ उठाना पड़ा, क्योंकि उन्हें बताया गया कि प्रोफेसर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे थे। उन्होंने शिक्षक समुदाय से माफी मांगी। ABVP के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि शिक्षक के साथ अभद्रता अस्वीकार्य है और निष्पक्ष जांच की मांग की।

इस विवाद के बाद विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने गेट नंबर एक के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और कुलपति को ज्ञापन सौंपा। घटना ने परिसर में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। DU प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के साथ सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों-शिक्षकों के बीच संबंध सुधारने के लिए कदम उठाने की घोषणा की।

Scroll to Top