रामनगरी अयोध्या आज रचेगी इतिहास: 56 घाटों पर 26 लाख दीपों से जगमगाएगी सरयू, दो विश्व रिकॉर्ड बनने की तैयारी
अयोध्या/19/10/2025
अयोध्या: भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या आज एक ऐतिहासिक क्षण की गवाह बनेगी। सरयू तट पर आज शाम 56 घाटों पर लगभग 26 लाख 11 हजार 101 दीपों के एक साथ प्रज्ज्वलन से शहर स्वर्णिम प्रकाश में नहाने जा रहा है। इस भव्य आयोजन के साथ अयोध्या न केवल एक, बल्कि दो नए विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम मौके पर मौजूद है और आज शाम औपचारिक रूप से इन रिकॉर्ड्स की घोषणा कर सकती है।
शनिवार को सरयू आरती में 2100 भक्तों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो अब तक की सबसे बड़ी सहभागिता बताई जा रही है। पिछली बार यह संख्या 1774 थी। इस बार भक्तों की गिनती आधुनिक तकनीक — क्यूआर कोड स्कैनिंग के ज़रिए की गई। हर श्रद्धालु की उपस्थिति और सहभागिता का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया गया है। गिनीज टीम ने इस पूरे आयोजन की निगरानी की और अब दावा विश्लेषण की प्रक्रिया में है।
वहीं, आज शाम 56 घाटों पर 30 हजार स्वयंसेवक और छात्र पूरी लगन से दीप बिछाने, तेल और बाती लगाने में जुटे हैं। अवध विश्वविद्यालय के समन्वय में घाट संयोजकों और संस्थाओं ने मिलकर इस कार्य को अंजाम दिया। सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद है — घाटों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात है और आईकार्ड के बिना किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारी निश्चल बरोट ने बताया कि सरयू आरती में रिकॉर्ड स्तर की सहभागिता रही और शाम का दीपोत्सव आयोजन इतिहास रच सकता है। ड्रोन कैमरों की मदद से दीपों की संख्या का आकलन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस दिव्य आयोजन के साक्षी बनेंगे। सरयू आरती, दीपोत्सव और लेजर शो का सम्मिलन आज का सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा। पूरा अयोध्या इस आयोजन को लेकर उल्लासित है। माना जा रहा है कि यह कार्यक्रम अयोध्या को एक बार फिर वैश्विक मंच पर स्थापित करेगा, जहाँ आस्था, संस्कृति और विश्व रिकॉर्ड एक साथ जगमगाएँगे।