नेपाल में जेन जी समूह बनाएगा नई राजनीतिक पार्टी, चुनाव में उतरने से पहले रखीं सख्त शर्तें
काठमांडू/19/10/2025
काठमांडू: नेपाल की राजनीति में अब युवाओं की नई आवाज़ गूंजने वाली है। जेन जी (Gen G) समूह ने शनिवार को घोषणा की कि वह जल्द ही एक नया राजनीतिक दल बनाएगा, जो युवाओं के अधिकारों और पारदर्शी शासन के लिए काम करेगा। समूह ने कहा कि वे 5 मार्च 2026 को होने वाले आम चुनावों में तभी हिस्सा लेंगे जब सरकार उनकी मुख्य मांगों को स्वीकार करेगी।
जेन जी आंदोलन के नेता मिराज धुंगाना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पार्टी का उद्देश्य नेपाली युवाओं को एकजुट करना और देश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि “विदेशों में बढ़ते युवाओं के पलायन से नेपाल की अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा है, इसलिए हमें एक नई दिशा की जरूरत है।”
समूह की दो प्रमुख मांगें हैं —
प्रत्यक्ष रूप से निर्वाचित कार्यकारी प्रणाली की स्थापना
विदेशों में रहने वाले नेपाली नागरिकों को मतदान का अधिकार देना
धुंगाना ने कहा कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका समूह चुनाव में हिस्सा नहीं लेगा। उन्होंने भ्रष्टाचार नियंत्रण के लिए नागरिक नेतृत्व वाली जांच समिति के गठन और आर्थिक सुधार की स्पष्ट नीति की भी मांग की।
उन्होंने सरकार से बंद पड़े उद्योगों को फिर से शुरू करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की अपील की। साथ ही, नेपाल के पर्यटन क्षेत्र के विकास और घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर भी जोर दिया।
धुंगाना ने कहा, “नेपाल दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं — भारत और चीन — के बीच स्थित है, इसलिए हमें पड़ोसी बाज़ारों को ध्यान में रखते हुए अपनी उत्पादन नीति बनानी चाहिए।”
बता दें कि हाल ही में Gen G समूह ने भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया प्रतिबंधों के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन चलाया था, जिसके दबाव में के.पी. शर्मा ओली की सरकार को सत्ता से हटना पड़ा था।