NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला में एंकर अंजना ओम कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज: वाल्मीकि समाज के अपमान का आरोप

शिमला/19/10/2025

om kashyap

शिमला। मशहूर टीवी एंकर और वरिष्ठ पत्रकार अंजना ओम कश्यप एक बार फिर विवादों में आ गई हैं। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर वाल्मीकि समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप है। शिकायतकर्ता प्रीत पाल मट्टू, जो बाबा साहेब अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी शिमला के अध्यक्ष हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 8 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर आजतक चैनल का एक वीडियो देखा था। इस वीडियो में अंजना ओम कश्यप और चैनल के प्रधान संपादक अरुण पुरी द्वारा प्रसारित एक कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि के संदर्भ में विवादित टिप्पणी की गई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उक्त टिप्पणी ने वाल्मीकि समाज की धार्मिक भावनाओं को गहराई से ठेस पहुंचाई है और एक पूजनीय ऋषि का अपमान किया गया है, जो समाज के लिए अस्वीकार्य है। इस मामले में शिमला पुलिस ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(v) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद केस दर्ज कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। फिलहाल मामले से संबंधित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता मट्टू का कहना है कि यह केवल एक समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे समाज के सम्मान का प्रश्न है। उन्होंने मांग की है कि इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने की हिम्मत न करे।

गौरतलब है कि इससे पहले पंजाब के लुधियाना में भी इसी विवाद को लेकर अंजना ओम कश्यप और अरुण पुरी के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है। अब शिमला में भी एफआईआर दर्ज होने के बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

Scroll to Top