दीपावली पर शेयर बाजार में चमक: सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त उछाल
दीपावली 2025 के मौके पर जहां पूरे देश में रोशनी और खुशियों का माहौल है, वहीं शेयर बाजार में भी जोरदार हलचल देखने को मिली। सोमवार को बाजार खुलते ही निवेशकों ने तेजी का लाभ उठाया और बीएसई सेंसेक्स ने 661.35 अंकों की बढ़त के साथ 84,603.68 पर कारोबार शुरू किया। एनएसई निफ्टी भी पीछे नहीं रहा और 192.35 अंकों की तेजी के साथ 25,906 के स्तर को पार किया।
प्रमुख कंपनियों के शेयरों में शुरुआती कारोबार में उछाल रहा। कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 2,260.90 रुपये से ऊपर खुला, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1,451.05 रुपये से शुरू हुआ। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक और टाइटन के शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। वहीं इंफोसिस, सन फार्मा, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान लीवर, एनटीपीसी, अडानी पोर्ट्स, मारुति, बीईएल और एशियन पेंट्स के शेयरों ने मध्यम गति से ट्रेडिंग की शुरुआत की।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस सप्ताह भी शेयर बाजार में यही तेजी देखने को मिलेगी। लंबे समय के बाद निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में मजबूती देखी है, जिससे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी उभरते रुझान कायम रहेंगे।
पिछले सप्ताह शुक्रवार को भी बाजार ने सकारात्मक रुख दिखाया था। बीएसई सेंसेक्स 484.53 अंक बढ़कर 83,952 पर बंद हुआ और एनएसई निफ्टी 124.55 अंक की मजबूती के साथ 25,709.85 पर बंद हुआ। बैंकिंग और तेल क्षेत्रों के शेयरों में यह तेजी विशेष रूप से देखने को मिली।
इस दीवाली निवेशकों के लिए बाजार ने धमाकेदार शुरुआत की है और विशेषज्ञों का मानना है कि सतर्क निवेश के साथ लाभ कमाने का यह सही समय है।