दिवाली की रात कांगड़ा में मातम: देहरा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
कांगड़ा/21/10/2025
रोशनी और खुशियों के पर्व दिवाली की रात कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल में एक घर मातम में डूब गया। डोहग प्लोटी पंचायत में 27 वर्षीय स्मृति नामक विवाहित महिला संदिग्ध हालात में मृत पाई गई। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
स्मृति पत्नी वरुण कुमार सोमवार रात अपनी ढाई साल की बेटी के साथ ऊपर वाले कमरे में सोने गई थी। अगली सुबह सास ने दरवाजा खोला तो स्मृति फंदे से लटकी मिली। हालांकि, मायका पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था और पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को नीचे उतार लिया गया, जिससे शक और गहरा गया।
मृतका के पिता मदन लाल ने बताया कि वरुण नशे का आदी था और अक्सर स्मृति के साथ मारपीट करता था। उनका आरोप है कि घटना की रात भी झगड़ा हुआ और उसके बाद यह हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
घटना की सूचना मिलते ही हरिपुर थाना पुलिस और रानीताल चौकी की टीम रात करीब डेढ़ बजे मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक शव नीचे उतारा जा चुका था। डीएसपी देहरा शुमायला चौधरी ने खुद मौके पर पहुंचकर जांच की और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाए जाने पर हंगामा हुआ। मायका पक्ष के लोगों ने पति, सास और ससुर की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार रोक दिया। इसके बाद तीनों को हिरासत में लिया गया, तब जाकर अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
इस दौरान मृतका के पिता ने पंचायत प्रधान पूनम परमार पर भी ससुराल पक्ष से मिलीभगत के आरोप लगाए। हालांकि, प्रधान ने खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताया और कहा कि उन्होंने केवल मानवता के नाते मदद की थी।
डीएसपी शुमायला चौधरी ने बताया कि तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो पाएगा।