घुमारवीं में महिला पर डंडे से हमला, सड़क पर बेहोश होकर गिरी — पुलिस ने शुरू की जांच
घुमारवीं /22/10/2025
घुमारवीं थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेऊ के गांव सेऊ में मंगलवार देर शाम एक मारपीट की घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया। गांव की एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पड़ोसी व्यक्ति ने उस पर डंडे से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ी।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद महिला काफी देर तक सड़क के बीच में ही अचेत अवस्था में पड़ी रही। आसपास के लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद महिला को घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़िता का कहना है कि जब वह गांव में चल रहे एक शादी समारोह में पैदल जा रही थी, तभी पड़ोसी व्यक्ति ने अचानक हमला कर दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी उस पर हमला कर चुका है और यह कोई पहली घटना नहीं है।
घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति भी बन गई थी। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि उन्होंने कोई हमला नहीं किया है और उन पर लगाए गए आरोप झूठे और निराधार हैं।
सूचना मिलते ही घुमारवीं पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, और आगामी कार्रवाई जांच के परिणामों के आधार पर की जाएगी।
पुलिस ने अपील की है कि लोग किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक शांत रहें।