NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

तंत्र-मंत्र के बहाने मासूम से दरिंदगी: पंचायत प्रधान ने किया दुष्कर्म, तीन दिन के रिमांड पर आरोपी

रामपुर/22/10/2025

PIDA

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पंचायत प्रधान किशोरी लाल ने तांत्रिक अनुष्ठान के बहाने 13 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना रामपुर की एक दुर्गम पंचायत की है। शिकायत में बताया गया कि 21 सितंबर को जब पीड़िता स्कूल जा रही थी, तब रास्ते में आरोपी प्रधान किशोरी लाल ने उसे रोक लिया। उसने लड़की के हाथ में पहनी रुद्राक्ष माला को देखकर कहा कि इसमें “तांत्रिक प्रभाव” है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने माला को छूते ही लड़की को “झटका लगने” की बात कहकर उसे डराया और दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र जानता है।

किशोरी लाल ने लड़की से कहा कि माला “अशुद्ध” है और यदि इसे शुद्ध नहीं कराया गया तो उसके परिवार के लोगों की मौत हो जाएगी। इसी बहाने आरोपी ने 15 अक्टूबर को लड़की को अपने घर बुलाया और उसका यौन शोषण किया। इतना ही नहीं, 17 अक्टूबर को आरोपी ने दोबारा उसे अपने घर बुलाकर फिर से दुष्कर्म किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65 और पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को रामपुर के झाकड़ी थाना की टीम ने गिरफ्तार किया है।

वहीं, मामले को भटकाने के प्रयास में आरोपी प्रधान ने लड़की के परिवार के खिलाफ मारपीट की शिकायत भी दर्ज करवाई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पीड़िता के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला तंत्र-मंत्र के नाम पर अंधविश्वास फैलाने और पद के दुरुपयोग से जुड़ा गंभीर अपराध है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Scroll to Top