NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला: दिव्यांगजनों के लिए साल में दो बार होगी सरकारी भर्ती, नई नीति से बढ़ेगा रोजगार का अवसर

शिमला/22/10/2025

SUKHU KAAM

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए एक अहम और ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब प्रदेश में दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए सरकारी नौकरियों की भर्ती साल में दो बार की जाएगी। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों और सार्वजनिक उपक्रमों के प्रबंध निदेशकों को औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

नई व्यवस्था के तहत अब ग्रुप-सी और ग्रुप-डी श्रेणी के सभी पद, जिनमें बैकलॉग शामिल हैं, को हर वर्ष दो बार विज्ञापित किया जाएगा। पहली छमाही की भर्ती प्रक्रिया 15 अप्रैल तक और दूसरी 15 सितंबर तक पूरी करनी होगी। सरकार ने निर्देश दिया है कि भर्ती विज्ञापन हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं के प्रमुख अखबारों में प्रकाशित हों ताकि अधिकतम अभ्यर्थी आवेदन कर सकें।

विभागों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी रिक्त पदों की जानकारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव के माध्यम से श्रम, रोजगार एवं प्रवासन निदेशालय को भेजी जाए। यह प्रक्रिया इसलिए अपनाई गई है ताकि योग्य दिव्यांग उम्मीदवारों को प्राथमिकता के आधार पर नियुक्त किया जा सके। वहीं, ग्रुप-ए और ग्रुप-बी श्रेणी के पदों के लिए विभागों को हर तिमाही राज्य लोक सेवा आयोग को मांगपत्र भेजना अनिवार्य होगा।

गौरतलब है कि 13 दिसंबर 2023 को लागू पुरानी केंद्रीकृत व्यवस्था अब समाप्त कर दी गई है। उस प्रणाली में विभागीय समन्वय की कमी और प्रक्रिया में देरी के कारण परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे थे। नई नीति का उद्देश्य भर्ती प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाना है।

सरकार का यह कदम दिव्यांगजनों को समान अवसर देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि दिव्यांग अभ्यर्थियों को समय पर सरकारी सेवाओं में शामिल होने का सुनहरा मौका मिलेगा।

Scroll to Top