मंडी में फिर तोड़ा गया ‘आई लव यू मंडी’ सेल्फी पॉइंट, दीपावली की रात पांचवीं बार शरारती तत्वों ने किया हमला
मंडी/22/10/2025
मंडी। दीपावली की रात जहां पूरे शहर में रोशनी और खुशियों का माहौल था, वहीं मंडी की इंदिरा मार्केट में शरारती तत्वों ने एक बार फिर तोड़फोड़ कर दी। लोकप्रिय ‘आई लव यू मंडी’ सेल्फी पॉइंट को अज्ञात लोगों ने निशाना बनाते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। यह पांचवीं बार है जब इस सेल्फी पॉइंट पर तोड़फोड़ की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
शरारती तत्वों ने सेल्फी पॉइंट को उखाड़ दिया, जिससे उसकी बिजली की तारें बाहर निकल आईं। इतना ही नहीं, उन्होंने मार्केट के अन्य हिस्सों में भी नुकसान पहुंचाया। इस हरकत से आसपास के दुकानदारों में रोष है। नगर निगम के मेयर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज और आसपास की दुकानों के कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
मेयर ने यह भी बताया कि पुलिस में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। वहीं, इंदिरा मार्केट के प्रधान अशोक शर्मा ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर मार्केट का माहौल बिगाड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले सिर्फ रेलिंग को नुकसान पहुंचाया गया था, लेकिन इस बार पूरा सेल्फी पॉइंट ही नष्ट कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सेल्फी पॉइंट बाहरी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका था और इससे शहर की पहचान जुड़ी हुई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहर की छवि पर भी असर पड़ रहा है। मार्केट संघ और नगर निगम दोनों ने भविष्य में इस स्थल की सुरक्षा बढ़ाने और अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।