दलाई लामा ने जापान की नई महिला पीएम को दी बधाई, कहा- शांति और कूटनीति के लिए महिला नेतृत्व जरूरी
धर्मशाला/22/10/2025
तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने जापान में सनाई ताकाइची के प्रधानमंत्री चुने जाने पर उन्हें बधाई दी है। अपने संदेश में दलाई लामा ने कहा कि जापान के इतिहास में यह महत्वपूर्ण मोड़ है और उनके लंबे अनुभव का देश और दुनिया के लिए सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
दलाई लामा ने महिला नेतृत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि महिलाएं दूसरों के भावनात्मक दर्द और कठिनाइयों को समझने में अधिक संवेदनशील होती हैं। उनका मानना है कि अगर नेतृत्व में अधिक महिलाएं होंगी, तो यह वैश्विक स्तर पर एक शांतिपूर्ण और समझदार वातावरण बनाने में मदद करेगा। उन्होंने अपने विचारों का उदाहरण अपनी मां से लिया।
उन्होंने जापान के वैश्विक शांति प्रयासों की सराहना की और बताया कि परमाणु हमलों के बाद भी जापान ने निरंतर दुनिया में शांति कायम रखने और परमाणु निरस्त्रीकरण का समर्थन करने का नेतृत्व किया। दलाई लामा ने ताकाइची से अपील की कि वैश्विक चुनौतियों का सामना बातचीत और कूटनीति के माध्यम से किया जाए।
पत्र के अंत में उन्होंने ताकाइची को शुभकामनाएं दीं कि वह जापान और विश्व में खुशहाली और समृद्धि लाने के साथ आने वाली चुनौतियों का सफलतापूर्वक समाधान करें।