NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

विराट कोहली का वनडे करियर संकट में, लगातार दो मैचों में 0 पर आउट

एडिलेड/23/10/2025

virat kohli

एडिलेड। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का वनडे करियर फिलहाल चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। ऑस्ट्रेलिया दौरे में लगातार दो वनडे मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। पर्थ और एडिलेड में बिना कोई रन बनाए आउट होना कोहली के 17 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में पहली बार हुआ है कि उन्होंने दो लगातार वनडे में 0 पर पवेलियन लौटे।

दो मैचों में लगातार शून्य पर आउट होने के बाद कोहली के चेहरे पर निराशा और हताशा साफ दिखाई दी। पवेलियन लौटते समय स्टैंड्स में मौजूद भारतीय फैंस ने उन्हें तालियों और जयकारों से सम्मानित किया। हाथों में दस्ताने थामे कोहली ने फैंस का अभिवादन स्वीकार किया, लेकिन उनकी बॉडी लैंग्वेज ये संकेत दे रही थी कि अब वह अपने क्रिकेट करियर के अंत की संभावना को महसूस कर रहे हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का अनुमान है कि 25 अक्टूबर को सिडनी में होने वाला तीसरा वनडे कोहली के आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच के रूप में सामने आ सकता है।

एडिलेड वनडे में सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने कोहली को एल्बीडब्ल्यू आउट कर दिया। इनस्विंग गेंद को फ्लिक करने की कोशिश में बल्ला गेंद को नहीं छू सका और पैड से टकराई। अंपायर ने उंगली खड़ी कर दी। कोहली ने रोहित शर्मा से रिव्यू पर सलाह ली, लेकिन इसे लेने से इनकार कर दिया और सीधे पवेलियन लौट गए। इस पारी में भारत ने अपना दूसरा विकेट 17 रन पर खो दिया।

विराट कोहली पहले ही टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। अब उनके पास केवल वनडे क्रिकेट ही बचा है। लगातार शून्य पर आउट होने और आलोचनाओं के बढ़ने के बीच अब सवाल उठ रहा है कि क्या वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास ले सकते हैं।

Scroll to Top