ब्रह्मोस इंजीनियर की संदिग्ध मौत से हड़कंप, बाथरूम में मिला बेहोश — जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ/23/10/2025
लखनऊ: दिवाली की छुट्टियों पर घर आए ब्रह्मोस मिसाइल प्रोजेक्ट से जुड़े इंजीनियर आकाशदीप गुप्ता की रहस्यमयी मौत ने सनसनी फैला दी है। 30 वर्षीय आकाशदीप डीआरडीओ (DRDO) में सिस्टम इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे और दिल्ली में अपनी पत्नी भारती, जो केनरा बैंक में कर्मचारी हैं, के साथ रहते थे।
बीते मंगलवार रात आकाशदीप ने परिवार के साथ खाना खाया और फिर पत्नी के साथ अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद वे बाथरूम में गए, जहां से गिरने की जोरदार आवाज सुनाई दी। जब परिवार वाले अंदर पहुँचे तो आकाशदीप अचेत अवस्था में फर्श पर पड़े थे। उन्हें तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। विसरा सुरक्षित रख लिया गया है ताकि मौत के कारणों की वैज्ञानिक जांच की जा सके। प्रारंभिक आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है, लेकिन पुलिस इसे संदिग्ध मामला मानकर जांच में जुटी है, क्योंकि आकाशदीप एक अत्यंत गोपनीय रक्षा परियोजना से जुड़े थे।
परिवार के अनुसार, आकाशदीप बीटेक में गोल्ड मेडलिस्ट थे और ब्रह्मोस मिसाइल मिशन में पिछले सात सालों से कार्यरत थे। उनकी शादी इसी साल अप्रैल में भारती से हुई थी। उनके पिता कुलदीप गुप्ता, जो दो महीने पहले होमगार्ड विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं, ने बताया कि उनका बेटा हमेशा उत्साही और जिम्मेदार स्वभाव का था।
फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज कर लिया है और डीआरडीओ के उच्च अधिकारियों को भी सूचित किया गया है। मौत की असली वजह फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।