NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

रानीताल में दर्दनाक हादसा: रजियाणा के युवक की बाइक फिसलने से मौत, शादी से पहले उजड़ा घर का चिराग

कांगड़ा/23/10/2025

death

कांगड़ा। जिला कांगड़ा के रानीताल क्षेत्र में बुधवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। रजियाणा गांव के 28 वर्षीय अभिषेक पुत्र सुभाष चंद की बाइक फिसलने से मौत हो गई। सबसे दुखद बात यह है कि अभिषेक की शादी अगले महीने 30 नवंबर को तय थी। घर में जहां शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, वहीं अब मातम छा गया है।

अभिषेक बुधवार शाम अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह ज्वालामुखी–कांगड़ा मुख्य मार्ग पर रानीताल पुलिस चौकी के पास पहुंचा, अचानक उसकी बाइक फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ा और बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे एंबुलेंस के जरिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा पहुंचाया, जहां गंभीर चोटों के कारण गुरुवार सुबह उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रानीताल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त सड़क फिसलन भरी थी, जिससे बाइक का नियंत्रण बिगड़ गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

रजियाणा पंचायत के प्रधान हंसराज ने बताया कि अभिषेक बेहद हंसमुख और मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसकी असमय मौत से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि अभिषेक प्राइवेट नौकरी करता था और उसके विवाह की तैयारियां पूरे उत्साह से चल रही थीं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

एसपी देहरा मयंक चौधरी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि यह एक दुखद दुर्घटना है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

गांव में अब गम का माहौल है — जहां कुछ ही दिनों बाद बैंड-बाजे और शहनाई बजनी थी, वहां अब सन्नाटा और आंसुओं की गूंज है। परिवारजन बेटे की तस्वीर को देख रो-रोकर बेहाल हैं, और हर किसी के जुबां पर एक ही सवाल — “क्यों वक्त से पहले चला गया अभिषेक?”

Scroll to Top