जम्मू में अवैध रोहिंग्या बस्तियों पर प्रशासन का सख्त एक्शन: बिजली-पानी कटे, मची अफरातफरी
जम्मू/23/10/2025
जम्मू। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बाहू और चन्नी रमा क्षेत्रों में गैर-कानूनी रूप से बसे रोहिंग्या बस्तियों पर बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने इन बस्तियों की बिजली और पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। अधिकारियों ने बस्तीवासियों को अल्टीमेटम देते हुए बस्ती खाली करने के निर्देश भी दिए।
तहसीलदार बाहू के आदेश पर कार्यकारी अभियंताओं और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और अवैध बस्तियों में किसी भी प्रकार की बिजली-पानी की आपूर्ति रोक दी। प्रशासन ने यह कदम अवैध कब्जा हटाने की प्रक्रिया के तहत उठाया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सरकार के निर्देशों और कानून के तहत की गई है।
चन्नी रमा की बस्ती में भी इसी प्रकार की कार्रवाई हुई। यहां रहने वाले लोगों को प्रशासन ने बस्ती खाली करने के लिए अलर्ट किया। बस्तीवासियों ने बताया कि अचानक हुई इस कार्रवाई से उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवार अस्थायी रूप से अन्य इलाकों में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे हैं।
पहले भी जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने हीरानगर होल्डिंग सेंटर में हजारों अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या नागरिकों को स्थानांतरित किया था। केंद्र और राज्य प्रशासन लगातार यह स्पष्ट कर रहे हैं कि बिना अनुमति रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और पुनर्वास प्रक्रिया पूरी तरह कानून के अनुसार होगी।
वहीं, जम्मू-कश्मीर विधानसभा का सत्र भी जारी है और राजनीतिक हलकों में यह मामला पहले से ही चर्चा का विषय बन चुका है। प्रशासन की इस कार्रवाई और बस्तियों की खाली कराने की प्रक्रिया आने वाले दिनों में विधानसभा में भी गूंज सकती है।
यह कदम राज्य प्रशासन की सख्ती और अवैध कब्जा हटाने की नीति को दर्शाता है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश जाता है।