NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

ISI से जुड़े दो आतंकवादी दिल्ली-भोपाल में पकड़े गए, फिदायीन हमले की योजना नाकाम

नई दिल्ली/24/10/2025

aantkii

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक खतरनाक आतंकवादी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो युवाओं को गिरफ्तार किया, जिनके पास विस्फोटक और बम बनाने की सामग्री बरामद हुई है। जांच में सामने आया है कि ये दोनों आतंकवादी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से सीधे जुड़े हुए थे और भारत में फिदायीन हमले की तैयारी कर रहे थे।

स्पेशल सेल ने साउथ दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से एक और मध्य प्रदेश के राजगढ़ से दूसरा संदिग्ध गिरफ्तार किया। दोनों की उम्र 20 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है। आरोपी ऑनलाइन रेडिकलाइज्ड थे और सोशल मीडिया के जरिए नए आतंकवादियों को भर्ती करने का काम भी कर रहे थे।

गिरफ्तार आतंकियों के पास से बरामद सामग्री में एसिड, सल्फर पाउडर, बॉल बेयरिंग्स और IED सर्किट शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि इनके पाकिस्तानी हैंडलर्स ने सीधे निर्देश दिए थे। ये मॉड्यूल ‘खिलाफत मॉडल’ पर काम कर रहा था, जिसमें किसी क्षेत्र पर कब्जा करके जिहाद शुरू करने और फिदायीन हमले की योजना बनाई जा रही थी।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आतंकियों में से एक का नाम अदनान है। ये दोनों दिल्ली और भोपाल से पकड़े गए और ट्रेनिंग ले रहे थे ताकि सघन फिदायीन हमले को अंजाम दिया जा सके। पुलिस अब अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी और जांच जारी रखे हुए है।

यह कार्रवाई भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से कई संभावित हमलों की योजना को समाप्त किया गया और आतंकी मॉड्यूल के नेटवर्क को गंभीर झटका लगा है।

Scroll to Top