NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल पुलिस में जूनियरों के प्रति अनुचित व्यवहार पर सख्ती, DGP ने अधिकारियों को दी चेतावनी

शिमला/24/10/2025

policeee

हिमाचल प्रदेश पुलिस में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जूनियर कर्मचारियों के साथ अनुचित और असभ्य व्यवहार की शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी ने साफ कहा है कि अब किसी भी तरह के अनुशासनहीन आचरण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेताया कि रैंक से नहीं, व्यवहार और पेशेवर आचरण से ही पहचान बनती है।

पुलिस मुख्यालय ने 21 अक्टूबर को जारी सर्कुलर में स्पष्ट किया कि किसी भी IPS या HPS अधिकारी को अपने अधीनस्थों के प्रति सम्मानजनक और पेशेवर व्यवहार करना अनिवार्य है। सर्कुलर में असभ्य भाषा या अनुचित व्यवहार को ‘जीरो टॉलरेंस जोन’ में रखा गया है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने जूनियर्स के साथ हर समय सम्मानजनक व्यवहार करें। किसी भी अपमानजनक व्यवहार की शिकायत मिलने पर विभाग नियमों के अनुसार तुरंत कार्रवाई करेगा।

DGP अशोक तिवारी ने कहा, “यह कदम किसी विशेष घटना या व्यक्ति के लिए नहीं है, बल्कि पूरे पुलिस बल में पेशेवर आचरण और आपसी सम्मान बनाए रखने के लिए लिया गया है। हिमाचल पुलिस अपनी अनुशासित और संवेदनशील छवि के लिए जानी जाती है। इसे बनाए रखना हर अधिकारी की जिम्मेदारी है।”

इस कदम से पुलिस विभाग में अनुशासन, टीम वर्क और जूनियर्स के प्रति सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस संकेत मिले हैं। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि रैंक के बल पर किसी को डराना या अपमानित करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Scroll to Top