ठियोग में टारिंग के कुछ घंटों बाद उखड़ी सड़क, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिए सख्त जांच के आदेश
शिमला/24/10/2025
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग में सड़क की नई टारिंग कुछ ही घंटों में उखड़ जाने से स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी फैल गई है। सोशल मीडिया पर सड़क की खराब हालत का वीडियो वायरल होते ही मामला गरमा गया, जिसके बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस पर तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पीडब्ल्यूडी के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर (नेशनल हाईवे) को मौके पर जाकर जांच करने और जल्द रिपोर्ट पेश करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर जांच में गुणवत्ता में गड़बड़ी पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, “जनता के पैसों से बनने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करेगी।”
पंचायत चुनाव तय समय पर करवाने की तैयारी
वहीं, पंचायत और शहरी निकाय चुनावों को लेकर उठ रहे सवालों पर भी विक्रमादित्य सिंह ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तय समय पर ही चुनाव करवाएगी, क्योंकि यह संवैधानिक जिम्मेदारी है।
कुछ जिलों से खराब सड़कों और भौगोलिक दिक्कतों की रिपोर्ट मिलने के बावजूद सरकार तैयार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पंचायती राज मंत्री पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि चुनाव में देरी नहीं होगी।
कंगना और सुधीर शर्मा पर मंत्री का पलटवार
इसी बीच, धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की विवादित सोशल मीडिया पोस्ट और अभिनेत्री-सांसद कंगना रनौत के बयानों पर भी विक्रमादित्य सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा, “राजनीति में संवाद और कटाक्ष की गुंजाइश होनी चाहिए, लेकिन किसी व्यक्ति पर निजी टिप्पणी करना अनुचित है। एक मोहतरमा बेलगाम हैं, कुछ भी कह देती हैं। हमारी देवभूमि के संस्कार ऐसी भाषा की अनुमति नहीं देते।”
गौरतलब है कि हाल ही में सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की एक स्केच तस्वीर साझा करते हुए उन्हें ‘कार्टून’ कहा था, जिसके बाद यह विवाद और भड़क गया।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ऐसी बयानबाज़ी से जनता का भला नहीं होता, बल्कि यह केवल राजनीति की गिरावट को दर्शाती है।