चंबा में बीच सड़क पर HRTC चालक से मारपीट, आरोपी यात्री के खिलाफ मामला दर्ज
चंबा/24/10/2025
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। उपतहसील साहो के कीड़ी बस स्टॉप पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक के साथ एक यात्री ने बीच सड़क पर मारपीट की और उसकी वर्दी तक फाड़ डाली। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पवन कुमार, जो कि परिवहन निगम में बतौर चालक तैनात हैं और गांव साहो के रहने वाले हैं, 23 अक्तूबर को चंबा–लग्गा रूट पर ड्यूटी पर थे। दोपहर करीब 2:30 बजे जब बस संगेड़ा पहुंची, तभी बस में सवार एक यात्री ने किसी बात को लेकर चालक से बहस शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ा कि यात्री ने चालक का कॉलर पकड़ लिया।
चालक ने बताया कि उसने स्थिति को संभालने के लिए बस रोकी और पुलिस को 100 नंबर पर कॉल करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग पाई। इसके बाद वह यात्री बस की पिछली सीट पर जाकर बैठ गया और कीड़ी बस स्टॉप पर उतर गया।
हालांकि, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। जब पवन कुमार लग्गा से वापसी में दोपहर करीब 4:30 बजे कीड़ी स्टॉप पहुंचे, तो वही व्यक्ति फिर बस के सामने आ गया और रास्ता रोक लिया। उसने चालक को गाली-गलौच करते हुए बस से नीचे खींचा और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान चालक की वर्दी फट गई और उसकी अंगुली, गर्दन व कंधे पर चोटें आईं।
बस परिचालक भिंद्र कुमार और एक अन्य व्यक्ति ने मौके पर बीच-बचाव कर किसी तरह चालक को हमलावर के चंगुल से छुड़ाया। घटना के बाद पवन कुमार ने सदर थाना चंबा में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
चंबा सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच जारी है।