NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मनाली में बढ़ा ट्रैफिक जाम, NHAI की सुस्ती बनी मुसीबत: पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान

मनाली/25/10/2025

MANALII TRAFFIC

मनाली: पर्यटन नगरी मनाली इन दिनों भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रही है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में पर्यटकों की संख्या में अचानक आई बढ़ोतरी ने शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगाड़ दी है। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा मनाली बाईपास को अब तक वाहनों के लिए नहीं खोले जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

उपमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) मनाली क्षमा दत्त शर्मा ने बताया कि पुलिस प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है कि ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य बनी रहे, लेकिन बाईपास बंद होने के कारण सभी वाहन पुराने मार्ग — बुद्धा चौक से आई-बैक्स चौक — होकर गुजर रहे हैं, जिससे बाजार क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।

अगस्त की बाढ़ बनी वजह, NHAI की सुस्त चाल से जनता परेशान

अगस्त 2025 में आई व्यास नदी की बाढ़ और आपदा के कारण राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों को भारी नुकसान पहुंचा था। इस वजह से NHAI ने कई स्थानों पर मरम्मत कार्य शुरू किया, लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद मनाली बाईपास को चालू नहीं किया गया है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

पर्यटकों की बढ़ी संख्या से बढ़ा दबाव

इस हफ्ते से मनाली में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। 23 अक्टूबर 2025 को अटल टनल से करीब 4192 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। वहीं, ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार, बाहरी राज्यों से 665 वाहन मनाली पहुंचे, जिनमें 50 से अधिक वॉल्वो बसें शामिल थीं। इस बढ़ती भीड़ ने ट्रैफिक पुलिस की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

पुलिस ने शुरू की सख्ती, जनता से सहयोग की अपील


पुलिस ने बुद्धा चौक से आई-बैक्स चौक तक सड़क किनारे खड़े अनाधिकृत वाहनों को हटाया और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि वे सड़क पर अवैध पार्किंग न करें। साथ ही, गृह रक्षक कर्मियों और पुलिस जवानों को ट्रैफिक नियंत्रण के लिए अतिरिक्त ड्यूटी पर तैनात किया गया है। SDPO क्षमा दत्त शर्मा ने कहा कि पुलिस पूरी निष्ठा और लगन से ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने में जुटी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सड़क किनारे वाहनों को न खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन करें।

स्थानीय लोगों की मांग: जल्द खुला जाए बाईपास

स्थानीय नागरिकों और होटल कारोबारियों ने NHAI से मांग की है कि मनाली बाईपास को जल्द से जल्द वाहनों के लिए खोला जाए। उनका कहना है कि बाईपास खुलने से बाजार क्षेत्र का दबाव कम होगा और पर्यटक भी बिना परेशानी के सफर कर सकेंगे।

यदि NHAI ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो सर्दियों के पर्यटन सीजन में यह समस्या और भी विकराल रूप ले सकती है। स्थानीय प्रशासन और पर्यटक दोनों ही अब NHAI से जल्द राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Scroll to Top