खैबर पख्तूनख्वा में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: पाकिस्तान सुरक्षा बलों ने आत्मघाती हमले की तैयारी कर रहे तीन आतंकियों को किया ढेर
पाकिस्तान/26/10/2025
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों ने एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया। उत्तर वजीरिस्तान जिले के झल्लर क्षेत्र में चलाए गए इंटेलिजेंस बेस्ड ऑपरेशन में तीन आतंकियों को ढेर कर दिया गया। सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने बताया कि मारे गए आतंकी प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े ‘फितना अल-खवारिज’ नामक गुट के सदस्य थे।
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने एक आत्मघाती हमले की तैयारी में लगे विस्फोटक से भरे वाहन को भी नष्ट कर दिया। ISPR के अनुसार, खुफिया इनपुट मिला था कि आतंकी किसी सरकारी ठिकाने पर बड़े धमाके की योजना बना रहे हैं। सुरक्षाबलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इस साजिश को नाकाम कर दिया और क्षेत्र में क्लीन-अप अभियान शुरू किया, ताकि किसी भी अन्य छिपे आतंकी को खोजा जा सके।
सेना के बयान में कहा गया कि ‘अज़्म-ए-इस्तेहकाम’ अभियान के तहत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। बयान में स्पष्ट किया गया कि पाकिस्तान से विदेशी समर्थित आतंकवाद का पूरी तरह सफाया करने के लिए सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां मिलकर कार्रवाई करती रहेंगी। ISPR ने कहा, “हमारे जवानों के बलिदान ने आतंकवाद के खिलाफ हमारे संकल्प को और मजबूत किया है।”
पाकिस्तान में बढ़ते आतंकी हमले
खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान हाल के महीनों में आतंकवाद से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र बने हुए हैं। TTP द्वारा 2022 में युद्धविराम समझौता तोड़ने के बाद से हमलों में तेजी आई है। ये हमले मुख्य रूप से पुलिस थानों, सुरक्षाबलों और सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं।
हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहैल अफरीदी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया था कि उसकी गलत नीतियों के कारण प्रांत में आतंकवाद दोबारा सिर उठा रहा है। वहीं, विपक्षी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी ने सैन्य अभियानों की आलोचना करते हुए कहा है कि इससे आम जनता को भारी नुकसान और विस्थापन झेलना पड़ता है।