सौतेले पिता ने तीन साल के बेटे की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
फरीदाबाद/26/10/2025
फरीदाबाद के आर्य नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सौतेले पिता ने अपने तीन साल के बेटे रॉकी को पेट में मुक्का मारकर मार डाला और शव को सेक्टर-58 की झाड़ियों में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के लापता होने की कहानी गढ़कर पुलिस को कई दिन तक गुमराह किया। शुक्रवार देर शाम थाना सिटी पुलिस ने आरोपी प्रशांत से सख्ती से पूछताछ की, जिस पर उसने हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और एक दिन के रिमांड पर लिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद था। बच्ची की मां चांदनी ने शिकायत में कहा कि वह चार साल पहले अपने पहले पति से अलग हो गई थी और उसका बेटा रॉकी उसकी देखभाल में था। एक साल पहले चांदनी ने प्रशांत से दूसरी शादी की और वर्तमान में सात महीने की गर्भवती है।
घटना के दिन, 19 अक्टूबर को चांदनी बाजार गई थी। घर पर प्रशांत और रॉकी अकेले थे। लौटकर आने पर उसने देखा कि रॉकी उल्टी कर रहा है। जब उसने प्रशांत से पूछा तो उसने स्वीकार किया कि उसने बच्चे के पेट में मुक्का मारा था। इसके बाद आरोपी बच्चे को डॉक्टर को दिखाने के बहाने घर से ले गया और कई घंटे तक लौटकर नहीं आया।
पुलिस ने आरोपी की बताई जगह से रॉकी का शव बरामद किया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने मामले में हत्या और गुमराह करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह मामला सामाजिक रूप से भी चिंता का विषय है और बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठाता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आरोप तय होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।