पठानकोट में अपहरण की कोशिश नाकाम: बच्चों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच
पठानकोट/26/10/2025
पठानकोट के सीमावर्ती इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो बच्चों को कार सवार बदमाशों ने अगवा करने की कोशिश की। हालांकि बच्चों की सूझबूझ और हिम्मत के चलते यह साजिश नाकाम रही। यह घटना पठानकोट के बॉर्डर क्षेत्र के गांव आदम बाड़मां की बताई जा रही है।
परिवार की शिकायत के मुताबिक, काली राम और सुषमा देवी के बच्चे — कार्तिक और विक्रांत — शनिवार को ट्यूशन के लिए पास के घर गए हुए थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार में सवार दो युवक वहां पहुंचे और दोनों बच्चों को जबरन कार में बैठाने का प्रयास करने लगे। बदमाशों ने बच्चों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तभी एक बच्चे ने हिम्मत दिखाते हुए एक युवक की बांह पर दांत से काट लिया, जिससे वह दर्द से छटपटाने लगा। इसी बीच बच्चों ने मौके का फायदा उठाकर वहां से भागने में कामयाबी पाई।
बच्चों के परिजनों ने तत्काल इस घटना की सूचना थाना बमियाल पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।